मेरठ। थाना टीपी नगर क्षेत्र में साइबर ठगी का शिकार हुई महिला के 50 हजार रुपये पुलिस ने शत-प्रतिशत बरामद कर वापस कराए हैं। साइबर हेल्पडेस्क टीम की त्वरित कार्रवाई से पीड़िता को बड़ी राहत मिली है।जानकारी के अनुसार, 17 मई 2025 को अराध्या हाइट्स निवासी हिमांशी खुराना ने अज्ञात व्यक्ति के खाते में यूपीआई के माध्यम से धोखे से 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए थे। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद शिकायत साइबर पुलिस पोर्टल के माध्यम से थाना टीपी नगर में प्राप्त हुई।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक अपराध व पुलिस उपाधीक्षक अपराध के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना टीपी नगर की साइबर हेल्पडेस्क टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई की। टीम ने संबंधित न्यायालय से आदेश प्राप्त कर बैंक से समन्वय स्थापित करते हुए संदिग्ध खाते को फ्रीज कराया।पुलिस की प्रभावी कार्रवाई के चलते पूरी 50 हजार रुपये की धनराशि पीड़िता को वापस करा दी गई। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि सुरक्षित कराई जा सके।
यूपीआई ठगी के 50 हजार रुपये साइबर हेल्पडेस्क ने कराए वापस




