महराजगंज। जनपद के पनियरा थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में डिलीवरी के बाद प्रसूता की मौत से हड़कंप मच गया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया।बताया जा रहा है कि प्रसूता ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया था, लेकिन ऑपरेशन के बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे दूसरे अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।परिजनों ने ऑपरेशन में लापरवाही और फर्जी डॉक्टर से सर्जरी कराने का आरोप लगाया है। घटना के बाद घंटों तक अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बनी रही। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने किसी तरह हालात को शांत कराया।मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी मौके पर पहुंचे और ऑपरेशन रूम को सील कर दिया। संबंधित दस्तावेजों को कब्जे में लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।बताया गया कि घटना के बाद अस्पताल संचालक और संबंधित डॉक्टर मौके से फरार हो गए। मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने खून की कमी के बावजूद ऑपरेशन करने और चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाया है।फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग पूरे प्रकरण की जांच में जुटे हैं।
महराजगंज में डिलीवरी के बाद प्रसूता की मौत, निजी अस्पताल पर लापरवाही का आरोप; ऑपरेशन रूम सील




