हाथरस। जनपद के सहपऊ थाना क्षेत्र में एक भावुक कर देने वाली तस्वीर सामने आई, जहां थाना सहपऊ प्रभारी मयंक चौधरी ने अनुबंधित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की बेटी की शादी में बड़े भाई की भूमिका निभाई।थाने पर तैनात एक अनुबंधित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की बेटी की शादी में प्रभारी निरीक्षक स्वयं पहुंचे और बड़े भाई की तरह बरातियों का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने न सिर्फ रस्मों में भागीदारी निभाई, बल्कि पूरे आयोजन में सक्रिय भूमिका अदा की।बताया गया कि कर्मचारी की आर्थिक स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी मयंक चौधरी एवं उनकी पूरी टीम ने मिलकर 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की। यह सहयोग पाकर बेटी के पिता भावुक हो उठे और उन्होंने थाना प्रभारी व टीम का आभार व्यक्त किया।शादी समारोह में मौजूद बरातियों और ग्रामीणों ने सहपऊ कोतवाली प्रभारी और उनकी टीम के इस मानवीय पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। क्षेत्र में पुलिस के इस संवेदनशील और सामाजिक चेहरे की सराहना की जा रही है।
हाथरस में पुलिस का मानवीय चेहरा: सहपऊ थाना प्रभारी मयंक चौधरी बने बेटी के बड़े भाई, शादी में दिए 51 हजार रुपये



