मेरठ। उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट (उपज) संगठन की ओर से क्षेत्राधिकारी मवाना को एक प्रार्थना पत्र देकर पत्रकार के खिलाफ दी गई शिकायत की निष्पक्ष जांच की मांग की गई। उपज संगठन ने पत्र के माध्यम से पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की है। फलावदा थाना क्षेत्र के ग्राम अमरोली उर्फ बडगांव स्थित एक जूनियर हाईस्कूल में प्रधानाध्यापक गोविंद द्वारा बच्चों को मुर्गा बनाकर मारपीट की करने की वीडियो 14 फरवरी 2026 को सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इसी आधार पर विभिन्न समाचार पत्रों में खबर प्रकाशित हुई। जिसमें प्रधानाध्यापक गोविंद को बीएसए ने निलंबित कर दिया है। आरोप है कि 15 फरवरी 2026 को करीब 1:30 बजे ताज मोहम्मद पुत्र अमीरुद्दीन निवासी कस्बा फलावदा पत्रकार के मोबाइल नंबर पर प्रधानाध्यापक गोविंद द्वारा फोन कर खबर प्रकाशित करने पर आपत्ति जताई गई और भविष्य में अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। उपज संगठन का कहना है कि इसके बाद संबंधित व्यक्ति द्वारा थाने में शिकायत देकर पत्रकार को झूठे मुकदमे में फंसाने का प्रयास किया गया। उपज संगठन ने 17 फरवरी 2026 को पुनः प्रार्थना पत्र देकर मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। उपज पत्रकार संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष व पारदर्शी जांच कराई जाए तथा पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उपज संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि न्यायसंगत कार्रवाई नहीं हुई तो पत्रकार संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इस दौरान दर्जनों पत्रकार मौजूद रहे।
उपज ने पत्रकार के खिलाफ शिकायत के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की




