बजट पेश होते ही अयोध्या में जश्न का माहौल, मिठाई बांटकर हर्ष व्यक्त किया

अयोध्या। रविवार को केंद्र सरकार का बजट पेश होते ही अयोध्या में जश्न का माहौल देखने को मिला। बीजेपी विधायक रामचंद्र यादव ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर खुशी जाहिर की और मिठाइयाँ बांटी। बीजेपी विधायक ने कहा कि यह बजट गरीबों, किसानों और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के लिए बेहद लाभकारी साबित होगा। विधायक रामचंद्र यादव ने बताया कि बजट में लखपति दीदी कार्यक्रम को क्रेडिट लिंक आजीविका से जोड़ते हुए स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। वहीं दिव्यांगजन कौशल योजना और दिव्यांग सहारा योजना के माध्यम से दिव्यांगजनों को सशक्त करने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके साथ ही वाराणसी को हाई स्पीड रेल कॉरिडोर से जोड़ने और देश में सात हाई स्पीड रेल कॉरिडोर चलाने का ऐलान भी ऐतिहासिक कदम बताया।उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर यह बजट हर आम आदमी के हित में है। विधायक ने पहली बार कर्तव्य भवन से बजट प्रस्तुत किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताया। बजट आने के बाद विधायक रामचंद्र यादव सिद्धपीठ मां कामाख्या धाम पहुंचे, जहां पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की और कार्यकर्ताओं को लड्डू खिलाकर ख़ुर्शी जाहिर की।



