ऑनलाइन जुए ने उजाड़ा नवविवाहित का घर, पत्नी ने ही ले ली पति की जान

बरेली। जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गिरजाशंकर कॉलोनी, कैलाशपुरम में रहने वाले एक नवविवाहित युवक की हत्या का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि इस हत्या को किसी बाहर वाले ने नहीं, बल्कि उसकी पत्नी ने अपने माता-पिता के साथ मिलकर अंजाम दिया। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए पत्नी, उसके पिता और मां को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक का नाम जितेन्द्र कुमार यादव था। उसकी शादी सिर्फ दो महीने पहले ज्योति नाम की युवती से हुई थी। दोनों किराये के मकान में रह रहे थे। शुरुआत में यह मामला आत्महत्या का बताया गया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरी कहानी ही बदल दी।

20 हजार रुपये और ऑनलाइन जुए से शुरू हुआ विवाद
दरअसल पुलिस जांच में सामने आया कि जितेन्द्र ऑनलाइन जुए का आदी हो गया था। उसने पत्नी ज्योति के बैंक खाते से 20 हजार रुपये निकाल लिए और वह रकम ऑनलाइन जुए में हार गया। 26 जनवरी को जब ज्योति ने अपने पैसे वापस मांगे, तो दोनों के बीच जमकर झगड़ा हुआ। बात इतनी बढ़ गई कि हाथापाई तक पहुंच गई।
गुस्से में आकर ज्योति ने अपने मायके फोन कर दिया। कुछ ही देर में उसके पिता कालीचरन, मां चमेली और भाई मौके पर पहुंच गए। इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया।

पुलिस के मुताबिक, झगड़े के दौरान जितेन्द्र को काबू में करने के लिए उसके ससुराल वालों ने उसके हाथ-पैर पकड़ लिए और ज्योति ने उसका गला दबा दिया। कुछ ही देर में जितेन्द्र की मौत हो गई। हत्या के बाद तीनों घबरा गए और बचने के लिए इसे आत्महत्या दिखाने की साजिश रची।

मर्डर को सुसाइड दिखाने की कोशिश, पोस्टमार्टम से खुला राज

हत्या के बाद आरोपियों ने जितेन्द्र के ही मफलर से उसे कमरे के वेंटिलेटर की ग्रिल से लटका दिया, ताकि लगे कि उसने फांसी लगाकर जान दी है। इसके बाद शोर मचाया गया कि दामाद ने आत्महत्या कर ली है। पुलिस को भी शुरुआत में यही बताया गया।

लेकिन जब शव का पोस्टमार्टम हुआ तो डॉक्टरों ने साफ कहा कि मौत फांसी से नहीं, बल्कि गला दबाने से हुई है। रिपोर्ट में एंटी मॉर्टम स्ट्रैंगुलेशन लिखा आया। यहीं से पूरा मामला पलट गया और पुलिस ने हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर जांच तेज कर दी।

पूछताछ के दौरान पत्नी ज्योति घबरा गई और उसने पूरी साजिश कबूल कर ली। उसने बताया कि कैसे 9 साल के प्रेम के बाद हुई शादी सिर्फ दो महीने में ही खून में बदल गई।

इज्जतनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ज्योति, उसके पिता कालीचरन और मां चमेली को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

सीओ सिटी थर्ड पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हर एंगल से जांच की गई। वैज्ञानिक सबूतों और आरोपियों के बयान के आधार पर यह साफ हो गया कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सोची-समझी हत्या थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *